मोतिहारी में शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने सदर प्रखंड स्थित गौरी शंकर विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं शिक्षक की भूमिका निभाते हुए कक्षा में छात्रों को पढ़ाया। जिलाधिकारी ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में संवाद किया। यह पहल शैक्षणिक सत्र 2026-27 में जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे व्यापक निरीक्षण एवं अनुश्रवण अभियान का हिस्सा है। यह अभियान 15 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलेगा। इसके तहत विद्यालयों में शौचालय, पेयजल, वर्ग कक्ष, चहारदीवारी, विद्युत व्यवस्था, पंखा-बल्ब, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, जिम, आईसीटी लैब और स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाओं की गहन जांच की जाएगी। सामग्रियों की गुणवत्ता की भी समीक्षा की जाएगी अभियान के दौरान छात्रों को पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मध्याह्न भोजन योजना, प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं और लाभुक आधारित योजनाओं के क्रियान्वयन का भी आकलन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, विद्यालयों में शैक्षणिक और पाठ्येतर गतिविधियों की स्थिति तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभिन्न मदों में खर्च की गई राशि एवं क्रय की गई सामग्रियों की गुणवत्ता की भी समीक्षा की जाएगी। जिला प्रशासन ने 06 अप्रैल से सभी विद्यालयों को प्रातःकालीन सत्र में संचालित करने का निर्देश दिया है। इनका समय सुबह 06:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। सभी प्रतिनियुक्त निरीक्षण पदाधिकारियों को अपने आवंटित विद्यालयों का निरीक्षण कर प्रतिदिन शाम 05:00 बजे तक गोपनीय शाखा में रिपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों को दूर करने के लिए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यदि किसी समस्या का समाधान प्रखंड स्तर पर संभव नहीं होगा, तो उसे जिला स्तर पर भेजा जाएगा ताकि उचित समाधान हो सके। इस अवसर पर जिलाधिकारी के साथ जिला शिक्षा पदाधिकारी, नगर आयुक्त आशीष कुमार और सहायक समाहर्ता प्रिया रानी भी उपस्थित थीं। जिला प्रशासन ने दोहराया है कि वह जिले के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Source link