जालौन के एट कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकोड़ी बैरागढ़ में एक 23 वर्षीय युवक ने मामूली विवाद के बाद कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। युवक के कुएं में कूदने का एक वीडियो भी सामने आया है।मृतक की पहचान प्रदीप बरार (23) पुत्र रिंकू बरार निवासी अकोड़ी बैरागढ़ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रदीप का गांव के बाहर खेतों में मूंग की फसल को लेकर नीलेश पटेल उर्फ कल्लू और उसके साथियों से विवाद हो गया था। कुएं में कूदकर अपनी जान दे दी विवाद बढ़ने पर आरोप है कि प्रदीप के साथ मारपीट की गई। घायल अवस्था में प्रदीप आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचा, जहां उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। इस लगातार हुए विवाद और पिटाई से आहत होकर प्रदीप ने पास के कुएं में कूदकर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही एट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि 26 अप्रैल को मृतक की बहन की शादी होनी थी। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। घटना के समय मृतक के परिजन घर पर मौजूद नहीं थे। मौके पर क्षेत्राधिकारी कोंच सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जो स्थिति पर नजर रख रहा है। पुलिस अधिकारियों ने मामले की गहन जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Source link