सीधी जिले में रेलवे कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाली एक महत्वपूर्ण परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। टीकठ-चिलरी के बीच नरकुई नदी पर बन रहे बड़े रेलवे पुल का बुधवार शाम करीब 5 बजे सीधी के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सांसद डॉ. मिश्रा ने रेलवे विभाग के अधिकारी गोपाल सिंह जोधा को कार्य निर्धारित समय सीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्तमान गति को देखते हुए यह परियोजना अगले दो महीनों में पूरी हो जाएगी। पुल के तैयार होने से सीधी रेलवे स्टेशन तक पहुंचना और अधिक सुगम हो जाएगा। सांसद ने मौके पर कार्यरत श्रमिकों के समर्पण और कड़ी मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अथक प्रयासों से ही इतनी बड़ी परियोजना समय पर पूरी हो पाती है। डॉ. मिश्रा ने बताया कि यह रेलवे पुल क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। इसके निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापार, रोजगार और विकास के नए अवसर भी पैदा होंगे। यह परियोजना सीधी जिले को बेहतर रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
Source link