फतेहपुर, उत्तर प्रदेश में बुधवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के विक्रमपुर के पास हुई। मृतक और एक घायल नीम टोला, खागा के निवासी हैं, जबकि तीसरा घायल गुरसंडी, खखरेरू का रहने वाला है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7 बजे 23 वर्षीय अवधेश कुमार पुत्र हरिप्रसाद गुरसंडी मीरापुर से अपनी बाइक पर खागा गांव की ओर जा रहे थे। तभी सामने से आ रहे करन कुमार पुत्र शिवलाल गौतम (लगभग 26 वर्ष) निवासी नीम टोला और उनके साथी अजय वर्मा पुत्र जगतपाल (28 वर्ष) निवासी नीम टोला की बाइक से उनकी टक्कर हो गई। इस हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगाम ले जाया गया, जहां करन कुमार गौतम को मृत घोषित कर दिया गया। अजय वर्मा और अवधेश कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मृतक करन कुमार और घायल अजय वर्मा दोनों इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे और स्मार्ट मीटर लगाने के सिलसिले में कहीं जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे एक चार पहिया वाहन को किनारे से निकलते समय अवधेश की बाइक अजय वर्मा की बाइक से टकरा गई। करन के पिता शिवलाल ने बताया कि उनके बेटे की शादी दो साल पहले हुई थी। उनकी पत्नी के साथ कोर्ट में एक मामला चल रहा था और आज उसकी तारीख भी थी।
Source link