आरा में रिटायर्ड एयरफोर्स सार्जेंट अरविंद उपाध्याय पर जानलेवा हमला मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घायल के बयान पर शांतिनगर मोहल्ला निवासी मंजी शुक्ला उर्फ अनिल शुक्ला को नामजद किया गया है। पुलिस के अनुसार, करीब 20 साल पुरानी रंजिश सामने आ रही है। घटना टाउन थाना क्षेत्र स्थित पुरानी पुलिस लाइन-मठिया मौलाबाग रोड की है। जानकारी के मुताबिक अरविंद उपाध्याय मंगलवार की शाम चंदवा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मौलाबाग रोड पर आरोपी ने उनकी बाइक को रोक लिया। अचानक चाकू से गर्दन, सीना, पेट समेत शरीर के कई हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद हिम्मत दिखाते हुए आरोपी के हाथ से चाकू छीन लिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग जुट गए। इसी बीच मौका पाकर आरोपी फरार हो गया। वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद पुलिस इंस्पेक्टर देवराज राय ने बताया कि घायल के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हमले के दौरान आरोपी को भी चोटें आई हैं, जिसका इलाज पुलिस निगरानी में कराया जा रहा है। वारदात में इस्तेमाल चाकू को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और पुरानी रंजिश के विभिन्न पहलुओं को खंगाला जा रहा है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
Source link