हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से 20 बीघा गेहूं जला:किसान ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया, डेढ़ लाख का आर्थिक नुकसान




संभल जनपद में हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी के कारण 20 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। यह घटना चंदौसी तहसील के बनियाठेर थाना क्षेत्र के असालतपुर जारई गांव में हुई, जिससे किसानों को करीब डेढ़ लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। आग पर डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका। गुरुवार शाम लगभग 4 बजे खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से चिंगारी गिरी। धीरे-धीरे यह चिंगारी पूरे 20 बीघा खेत में फैल गई, जिससे गेहूं की खड़ी फसल आग की चपेट में आ गई। आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने तत्काल खेत मालिकों तेजेंद्र सिंह और अरविंद सिंह पुत्र विजयपाल सिंह को सूचना दी। सूचना मिलते ही दोनों भाई अपने खेत पर पहुंचे। इसी बीच, किसी व्यक्ति की सूचना पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का काम शुरू किया। शाम 6 से 6:30 बजे के बीच आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक फसल पूरी तरह जल चुकी थी। किसान तेजेंद्र सिंह ने बताया कि 20 बीघा खेती खराब हुई है और उन्हें करीब डेढ़ लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि इस बार प्रति बीघा ढाई से तीन क्विंटल गेहूं की पैदावार होगी। तेजेंद्र सिंह ने अपनी फसल जलने का कारण बिजली विभाग की लापरवाही को बताया है। दमकल विभाग के एसआई महेश सिंह गुर्जर ने बताया कि खेत से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के खंभे में फाल्ट होने के कारण आग लगी। उन्होंने लगभग 80,000 रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है और बताया कि 18-20 बीघा गेहूं जला है। स्थानीय निवासी कमल ने भी पुष्टि की कि खंभे में फाल्ट के कारण 20 बीघा गेहूं में आग लगी थी, जिस पर सभी लोगों ने मिलकर काबू पाने का प्रयास किया। दमकल विभाग की टीम भी सूचना के 5 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *