मोहाली जिले के जीरकपुर के PR-7 एयरपोर्ट रोड स्थित सुषमा जॉयनेस्ट सोसायटी में शुक्रवार को बिजली संकट के खिलाफ सैकड़ों परिवारों ने प्रदर्शन किया। सोसायटी के करीब 600 परिवार सड़क पर उतर आए और PR-7 एयरपोर्ट रोड को जाम कर दिया। यह प्रदर्शन पिछले तीन महीनों से जारी बिजली की समस्या को लेकर किया गया। प्रदर्शनकारियों में महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे बच्चे भी शामिल थे। उन्होंने बिल्डर और संबंधित विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। निवासियों का कहना है कि लगातार बिजली कटौती और अनियमित आपूर्ति के कारण उनका दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, और उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। कोर्ट के निर्देश के बाद बढ़ा गुस्सा प्रदर्शनकारियों का गुस्सा इसलिए भी बढ़ गया क्योंकि एक दिन पहले मोहाली लोक अदालत ने पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) को 48 घंटे के भीतर बिजली कनेक्शन बहाल करने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने यह भी कहा था कि बकाया राशि बिल्डर से वसूल की जाए। इसके बावजूद, मौके पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। बोले- बिजली अधिकारी फोन नहीं उठा रहे प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि PSPCL के अधिकारी न तो मौके पर पहुंचे और न ही उनके फोन कॉल का जवाब दे रहे हैं। लोगों ने चेतावनी दी कि जब तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं होती और कोर्ट के आदेशों का पालन सुनिश्चित नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन की वजह से जाम लगा सूचना मिलने पर जीरकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और कार्यालय जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। देर शाम तक प्रदर्शन जारी रहा, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई।
Source link