मुजफ्फरपुर में एक पिकअप वैन और मोटरसाइकिल की सीधी टक्कर हुई। इसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दुर्घटना मुशहरी थाना क्षेत्र के मुजफ्फरपुर-पूसा मार्ग पर राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र (NRCL) के मुख्य गेट के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि राशन से लदी एक तेज रफ्तार पिकअप वैन सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के वक्त बाइक पर तीन युवक सवार थे। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिर गए, जिनमें से एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अन्य दो गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर मुशहरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घायल SKMCH के लिए रेफर हुए पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए मुशहरी पीएचसी (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) रेफर कर दिया है। मुशहरी के थानेदार सुबोध कुमार मेहता ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और राशन लदी पिकअप वैन को भी जब्त कर लिया गया है। थानेदार के अनुसार, अब तक मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार गाड़ी ड्राइवर की तलाश के साथ-साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source link