बहरोड़ में पुरानी सब्जी मंडी के पास एक अवैध पटाखा गोदाम पर गुरुवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। प्रशिक्षु आरपीएस पल्लवी गुप्ता के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में लाखों रुपये के पटाखों का स्टॉक जब्त किया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पटाखा व्यापारी ने किराए के मकान में भारी मात्रा में पटाखों का अवैध स्टॉक जमा कर रखा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच के दौरान पाया कि यह स्टॉक बिना उचित सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के विपरीत तरीके से रखा गया था, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। एफएसएल टीम और दमकल को बुलाया कार्रवाई के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एफएसएल टीम और दमकल विभाग की गाड़ी को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस की मौजूदगी और कार्रवाई को देखकर आसपास की कॉलोनी के लोगों में भी हड़कंप मच गया। पुलिस द्वारा पटाखों को जब्त करने की कार्रवाई देर रात से शुरू होकर सुबह तक जारी रहने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ट्रेनी आईपीएस पल्लवी गुप्ता ने जानकारी दी कि शुक्रवार को प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस संबंध में और खुलासा किया जाएगा। संदिग्ध गतिविधि की पुलिस को सूचना देने की अपील इस कार्रवाई के दौरान सब इंस्पेक्टर अंकित सांवरिया, एएसआई बाबूलाल, डीएसपी कार्यालय का स्टाफ और थाना पुलिस मौजूद रही। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और संभावित हादसों को रोका जा सके।
Source link