अक्षय कुमार की राजस्थान में यादगार 'सेल्फी':मंत्रीजी बोले-'राज को राज रहने दो'; CI का 'संगीतमय संदेश'




नमस्कार अभिनेता अक्षय कुमार ने मुंबई में राजस्थानी कल्चर की तारीफ की। खासतौर से घूंघट वाली सेल्फी की। शिक्षा मंत्री ने नशा करने वाले टीचर्स की लिस्ट पर कहा-राज को राज रहने दो। नागौर में नई EV कार का पुलिस ने पॉल्यूशन चालान काट दिया और बालोतरा में सीआई ने गीत गाकर अच्छा संदेश दिया। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में.. 1. शिक्षा मंत्री मदन दिलावर बोले-राज को राज रहने दो शिक्षा मंत्रीजी ने कहा- मैंने उस जाति में जन्म लिया है जिसमें दया का भाव नहीं है। यहां दया से तात्पर्य ‘सीआईडी’ अथवा ‘तारक मेहता’ से नहीं है। मंत्रीजी उन लोगों की बात कर रहे थे जिन्होंने गलत तरीके से नौकरी हासिल कर ली। इन लोगों का क्या किया जाएगा यह तो पता नहीं, लेकिन एक बात मंत्रीजी ने साफ कर दी कि वे दया नहीं करेंगे। दूसरा नंबर उन मास्टर साहबों का आएगा जो नशा करते हैं या नशा करके स्कूल चले जाते हैं। हालांकि, यहां नशे को विस्तारित नहीं किया गया। किस तरह का नशा? क्योंकि एक गीत में ‘हर एक से वफा करने वाले’ को भी नशा करने वाले की श्रेणी में रखा गया था। खैर, मंत्रीजी ने कहा कि नशा करने वाले मास्टरों की सूची बन रही है। पत्रकार भाई ने पूछा- मगर सूची का करेंगे क्या? मंत्रीजी रहस्य के भाव से बोले-राज को राज रहने दो। 2. सीआई ने गाकर दिया नशामुक्ति का संदेश बात करीब 10 दिन पुरानी हो गई, लेकिन बात का सार ताजा और तथ्यपूर्ण है। बालोतरा के पचपदरा में इनकी काफी चर्चा है। चर्चा उस रिफाइनरी की नहीं, जिसका उद्घाटन 21 अप्रैल को पीएम मोदी करने आ रहे हैं। चर्चा पचपदरा सीआई अचलाराम ढाका की। वे सुरीली आवाज के धनी हैं। इलाके में फैलते नशे के मकड़जाल को वे अपने गीतों की धार से हटाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने लोगों को जुटाकर सभा की। सभा में मंच संभाला। माइक थामा और गाया- डोडा मत पी डोकरिया
नैना घणा टाबरिया
तू बैठ्यो डोडा ने पिवे
टाबरिया रोटी ने रोवे
ढूंढा बकरियां डोडा में बेच्या
घणा ऊंट डोडा में बेच्या
मोटा मोटा थारे टाबर हुया
साग-पाणनी कोई हिसाव नहीं
घर री खेती डोडा में बेची
गहणो सारो डोडा में बेच्यो
डोडा मत पी डोकरिया (अर्थात बुजुर्गों डोडा-पोस्त का नशा मत करो। तुम्हारे बच्चे छोटे हैं। तुम नशा करते हो और तुम्हारे बच्चे रोटी के लिए रोते हैं। नशा करने में तुम्हारे मवेशी बिक गए हैं। तुम्हारे घर में खूब बच्चे हैं जिनके खाने पीने का तुम्हें पता नहीं। तुमने नशे के चक्कर में खेती-बाड़ी और गहने बेच दिया। इसलिए नशा मत करो।) 3. ईवी का काट दिया पॉल्यूशन चालान पुलिस विभाग में ऐसे-ऐसे महारथी भी हैं। साहब ने चश्मा सिर पर टांग रखा था। पैर पर पैर रखकर पुष्पा की तरह आरटीओ चौराहे पर बैठे थे। कसम खाई हुई थी कि बिना चालान काटे दूसरे जिले की गाड़ी की गुजरने नहीं देंगे। चाय की थड़ी पर दर्शक दीर्घा भी मौजूद थी। उनके सामने भी खुद को साबित करना था। दूर से जोधपुर नंबर की कार आती दिखाई दी। साहब मुस्तैद। हाथ का इशारा कर गाड़ी साइड में लगवा दी। सरकार ने चालान काटने के लिए मशीन भी थमा रखी है। उसका भरपूर इस्तेमाल करते हुए कार के आगे पीछे घूमकर 1500 का तिलक कर दिया। ड्राइवर झल्लाते हुए बाहर निकला। बोला-किस बात का चालान काट दिया? साहब ने अंगड़ाई तोड़ते हुए कहा- पॉल्यूशन का और शीशे पर काली फिल्म का। ड्राइवर का पारा तापमान के आंकड़े को भी क्रॉस कर गया। वह लगभग खीजते हुए बोला- लेकिन नई EV कार का पॉल्यूशन का चालान कौन काटता है? साहब को उसकी बात से कोई फर्क नहीं पड़ा। ड्राइवर फिर लगभग रुआंसा होकर बोला- शीशे पर काली फिल्म नहीं है। जाली लगा रखी है। ये देखो। उसने जाली हटाकर दिखाया। साहब के पास एक ही जवाब- मैं क्या करूं? मैं तो वही करूंगा जो मेरी मशीन बोलेगी। ड्राइवर ने मशीन की तरफ देखा। उसे साहब और मशीन दोनों की शक्लें एक जैसी लगी। 4. चलते-चलते.. कुछ लोग अपने कल्चर को लेकर शर्मिंदा होते हैं। उन्हें लगता है कि वे अपना कल्चर फॉलो करेंगे तो उन्हें दुनिया पिछड़ेपन की नजरों से देखेगी। कुछ लोग पश्चिम की हवा पर सवार होकर अपने आप को ‘मॉडर्न’ मानते हुए अमेरिकियों-ब्रिटिशर्स की नकल करते हैं और खुद को आधुनिकता का पुरोधा कहते हैं। अभिनता अक्षय कुमार राजस्थान में अपने फिल्म भूत बंगला की शूटिंग पूरी करके मुंबई पहुंचे। वहां पत्रकारों के बीच वे फिल्म का प्रमोशन कर रहे थे। राजस्थान का टूर कैसा रहा? इस सवाल के जवाब में अक्षय ने एक किस्सा सुनाया। बोले- एक महिला मेरे पास आई और सेल्फी की डिमांड की। उसने घूंघट हटाए बिना मेरे साथ सेल्फी ली। मैं उसके कल्चर का मुरीद हो गया। उसने अपने कल्चर को नहीं छोड़ा। फोटो ली और चली गई। इसके बाद अक्षय ने फोन निकाला और पत्रकारों को महिला के साथ ली सेल्फी दिखाई। अक्षय बोले- मैं यह बात कभी नहीं भूलूंगा। ये राजस्थान की खूबसूरती है। इनपुट सहयोग- स्मित पालीवाल (जयपुर), विजय कुमार (बाड़मेर), हनुमान तंवर (नागौर)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल मुलाकात होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *