डिंडौरी में गुरुवार शाम छठवीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल कैंप जबलपुर के पुलिस बैंड दल ने वीरांगना रानी अवंती बाई चौक पर प्रस्तुति दी। लगभग आधे घंटे तक चले इस कार्यक्रम में राष्ट्रगीत और देशभक्ति गीतों की धुनें गूंजीं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को पुलिस बैंड दल में भर्ती के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को पुलिस बैंड दल की भर्ती प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रभारी रक्षित निरीक्षक कुंवर सिंह ने बताया कि प्रदेश में कुल 679 पदों पर भर्ती की जानी है, जिसके लिए युवाओं को पहले से तैयारी करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि अभ्यर्थियों को चयन के लिए कई वाद्य यंत्रों की परीक्षा देनी होगी। ऐसे होगा चयन जानकारी के अनुसार, सूची ‘A’ में पिकोलो, फ्लूट, ओबो, क्लारिनेट, ऑल्टो सैक्सोफोन, फ्रेंच हॉर्न, ट्रम्पेट, कॉर्नेट, ट्रॉम्बोन, बासून, यूफोनियम, बेस ट्यूबा, बैग पाइप, बिगुल और साइड ड्रम जैसे वाद्य यंत्र शामिल हैं, जिनमें से किसी एक का चयन अनिवार्य है। वहीं सूची ‘B’ में कीबोर्ड/ऑर्गन/पियानो, गिटार, वायलिन, ड्रम तथा भारतीय शास्त्रीय वाद्य यंत्र जैसे सितार, तबला, हारमोनियम, बांसुरी, सरोद, सारंगी और संतूर शामिल हैं, जिनके लिए अभ्यर्थियों को बोनस अंक प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर सिटी कोतवाली निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे सहित पुलिस बल और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम ने युवाओं में उत्साह भरने के साथ-साथ उन्हें पुलिस सेवा में करियर बनाने की प्रेरणा भी दी।
Source link