मानसा के सुविधा केंद्र में कर्मचारियों की हड़ताल के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों द्वारा ‘कलम छोड़ हड़ताल’ शुरू करने से केंद्र का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है। अपने काम के लिए सुविधा केंद्र पहुंचे लोगों को घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ा। कर्मचारियों ने हड़ताल का हवाला देते हुए केंद्र के गेट बंद कर दिए, जिससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि उनका काम जल्द पूरा नहीं किया गया तो वे मजबूर होकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। बीमार महिलाएं भी पहुंची थीं सुविधा केंद्र लोगों ने पंजाब सरकार के ऑनलाइन सेवाओं के दावों पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि सरकार एक ओर सेवाओं को डिजिटल बनाने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बुजुर्ग महिलाओं ने बताया कि वे बीमार होने के बावजूद सुबह से लाइन में खड़ी हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही। समय पर वेतन और बोनस न मिलने पर हड़ताल सुविधा केंद्र कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान संदीप सिंह ने बताया कि कर्मचारियों ने समय पर वेतन और बोनस न मिलने के कारण यह हड़ताल शुरू की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य आम जनता को परेशान करना नहीं, बल्कि अपनी मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है।इस पूरे मामले में कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं, जबकि सुविधा केंद्र पर काम कराने आए आम लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।
Source link