बुरहानपुर में कायाकल्प योजना 2.0 के तहत सिंधीपुरा और लोहारमंडी क्षेत्रों में सीसी रोड निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 174.83 लाख रुपए है। महापौर माधुरी पटेल ने शुक्रवार को कार्य प्रारंभ होने से पहले संबंधित स्थलों का निरीक्षण किया। यह निर्माण कार्य सिंधीपुरा गेट से खंडवा रोड तक और लोहारमंडी रोड से सुधार पट्टी होते हुए विठ्ठल मंदिर से नागझिरी घाट तक प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य शुरू करने से पहले सड़कों पर स्थित चैंबर्स और अन्य संरचनाओं का उचित स्तर लिया जाए। उन्होंने तकनीकी मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कहा- गुणवत्ता में कमी नहीं होनी चाहिए
महापौर पटेल ने विशेष रूप से कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और टिकाऊ हो। उन्होंने नियमित निगरानी के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि नागरिकों को बेहतर और सुगम आवागमन सुविधा मिल सके। इस निरीक्षण के दौरान पूर्व महापौर अतुल पटेल, गजेंद्र पाटिल, एमआईसी सदस्य अनिल विसपूते, भारत इंगले, नितेश दलाल, कार्यपालन यंत्री प्रेम कुमार साहू, उपयंत्री गोपाल महाजन और सौरभ वर्मा सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Source link