कानपुर में शुक्रवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय सभागार में पुलिस आयुक्त की अध्यक्षता में उद्योगपतियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात, सुरक्षा और औद्योगिक समस्याओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। शहर के बड़ा चौराहा और बैठक में पुलिस अधिकारियों के साथ पीआईसी, डीआईसी, एमएसएमई और उद्योग विभाग के अधिकारी तथा शहर के प्रमुख उद्योगपति मौजूद रहे। उद्योग प्रतिनिधियों ने खासतौर पर यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण, भारी ट्रकों की आवाजाही और अवैध ई-रिक्शा संचालन से जुड़ी समस्याएं उठाई। पुलिस आयुक्त ने समस्याओं के समाधान का भरोसा देते हुए कहा कि उद्योग क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। अवैध अतिक्रमण और गलत दिशा में चलने वाले वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही अवैध ई-रिक्शा संचालन पर रोक लगाने के लिए संबंधित विभागों के साथ मिलकर अभियान चलाने की बात कही गई। बैठक में यह भी तय हुआ कि उद्योग क्षेत्रों में नियमित समन्वय बनाए रखने के लिए एक क्लस्टर प्रणाली लागू की जाएगी। साथ ही आगामी मेलों के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां करने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने उद्योगपतियों से अपील की कि किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें और प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखें। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और इसमें उद्योग जगत की भागीदारी अहम है।
Source link