बरनाला जिले में पुलिस ने डेरा जंगीयाणा कमेटी के सदस्य से मारपीट और लूटपाट के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 5 अप्रैल को हुई थी, जब गुरचरण सिंह नामक कमेटी सदस्य पर हमला कर उनका पर्स छीन लिया गया था। सहायक इंस्पेक्टर तरसेम सिंह के अनुसार, गुरचरण सिंह डेरे के हिसाब-किताब को लेकर सवाल उठा रहे थे, जिसके चलते डेरे के महंत भजन दास और जसविंदर सिंह उर्फ गोल्डी उनसे रंजिश रखने लगे थे। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज घटना वाले दिन जशनप्रीत सिंह उर्फ जशन, शंभू, जगदेव सिंह उर्फ जैबू और मनजिंदर सिंह उर्फ तोती ने गुरचरण सिंह को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उनका पर्स छीन लिया, जिसमें आधार कार्ड और 3200 रुपये नकद थे। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर जशनप्रीत सिंह, शंभू, जगदेव सिंह, मनजिंदर सिंह, जसविंदर सिंह उर्फ गोल्डी और स्वामी भजन दास के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, छीना गया पर्स, आधार कार्ड और हथियार बरामद कर लिए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
Source link