सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र के कटौली इलाके में एक युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। मृतक की पहचान दीपक साकेत के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि अवैध रेत परिवहन में शामिल एक ट्रैक्टर चालक ने जानबूझकर उसे टक्कर मारी, जिससे उसकी मौत हुई। मृतक के भाई रमेश साकेत के अनुसार, दीपक साकेत क्षेत्र में जारी अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का लगातार विरोध कर रहे थे। रमेश साकेत ने आरोप लगाया कि इसी रंजिश के कारण किसी ट्रैक्टर चालक ने दीपक को कुचल दिया। परिजनों ने इस घटना को दुर्घटना नहीं, बल्कि एक सोची-समझी हत्या बताया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर एक क्षतिग्रस्त और पलटा हुआ ट्रैक्टर भी मिला है। पुलिस इस ट्रैक्टर को मामले से जोड़कर जांच कर रही है। खुटार चौकी प्रभारी शीतल यादव ने बताया कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत किस वाहन की टक्कर से हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश है और वे अवैध रेत कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Source link