बांसवाड़ा में ननिहाल आया 9 साल का मासूम सामने से आ रहे ट्रैक्टर को देखकर घबरा गया। डर कर तेजी से भागने लगा। इसी दौरान वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया और हॉस्पिटल ले जाते समय रास्ते में ही मासूम की मौत हो गई। हादसा जिले के भूंगड़ा थाना क्षेत्र के गोरछा गांव में आज शुक्रवार की शाम करीब 4 बजे हुआ। मामा चला रहा था ट्रैक्टर, डरकर भागा मासूम
भूंगड़ा थाने के एएसआई मेहबूब खान ने बताया कि खेरवा निवासी श्रवण (9) पुत्र सूरजमल चरपोटा गुरुवार को ही अपने माता-पिता के साथ मामा पारस कटारा (निवर्तमान उपसरपंच) के घर गोरछा आया था। शुक्रवार शाम को बच्चा घर के बाहर खेल रहा था, तभी सामने से मामा ट्रैक्टर पर सामने से आते हुए दिखाई दिया। मासूम घबराकर तेजी से दौड़ा और अचानक संतुलन बिगड़ने से जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद श्रवण बेहोश हो गया। उसके शरीर में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं और नाक से खून बहने लगा। परिजन उसे निजी गाड़ी से महात्मा गांधी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मेडिकल टीम ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर बोले- सिर में गंभीर चोट लगने से हुई मौत
महात्मा गांधी हॉस्पिटल के उप नियंत्रक ड़ॉ. दामोदर गोयल ने बताया कि बच्चे की मौत हेड इंजरी यानी सिर में गंभीर चोट लगने से होने की आशंका हैं। हालांकि परिजनों ने किसी प्रकार की शंका नहीं जताई है, जिसके कारण शव का पोस्टमॉर्टम नहीं करवाया जा सका। तीन भाइयों में सबसे छोटा था श्रवण
मृतक श्रवण अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। परिजनों की ओर से कोई शंका व्यक्त नहीं करने पर बिना पोस्टमॉर्टम के ही शव उन्हें सुपुर्द कर दिया गया।
Source link