पंजाब सरकार राज्य में बाढ़ से बचाव और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बड़े प्रयास कर रही है। इसी के तहत घग्गर दरिया के किनारों को मजबूत करने के लिए 12 करोड़ 42 लाख रुपए से अधिक की राशि खर्च की जा रही है। पिछले सालों में भारी बारिश और बाढ़ के कारण हजारों एकड़ फसलें और कई गांव बर्बाद हो गए थे, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ था। इसे देखते हुए सरकार अब युद्ध स्तर पर दरिया के किनारों को दुरुस्त करवा रही है ताकि भविष्य में ऐसी आपदा से बचा जा सके। इसके लिए कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने संगरूर जिले के मकरौड़ साहिब में चल रहे इन कार्यों का औचक निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री बोले- करोड़ों रुपए की परियोजनाओं पर काम हो रहा उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत गांव अंदाना में पुल के पास पत्थरों से किनारों को मजबूत करने पर 1 करोड़ 83 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, मकरौड़ साहिब से कड़ैल तक 6 करोड़ 46 लाख रुपए और खनौरी से मकरौड़ साहिब तक 4 करोड़ 13 लाख रुपए की लागत से कार्य किया जा रहा है। कुल मिलाकर, 42 किलोमीटर लंबे हिस्से में दरिया के किनारे मजबूत और ऊंचे किए जाएंगे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित रखना और किसानों की फसलों की रक्षा करना है। इससे इलाके में कृषि को भी मजबूती मिलेगी। संगरूर की धरती को योद्धाओं और शहीदों की धरती बताया उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिला संगरूर की धरती योद्धाओं और शहीदों की धरती है और इसके विरुद्ध कोई भी अपमानजनक शब्द बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मीडिया के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि नहरी पानी के सही उपयोग से भूजल पर निर्भरता कम हुई है, जिससे जल स्तर में सुधार होगा।
Source link