उज्जैन के व्यस्ततम फ्रीगंज इलाके में इन दिनों एक अनोखी ‘मोबाइल चाय सेवा’ लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। गणेशपुरा, मक्सी रोड निवासी पूनमचंद यादव ने अपनी बाइक को ही चलती-फिरती चाय की दुकान में बदल दिया है, जहां हर ग्राहक को गरमा-गरम चाय मिलती है। पूनमचंद यादव ने अपनी बाइक की डिग्गी पर 5 किलो की गैस टंकी और छोटा स्टोव फिट कर रखा है। इसी पर वे लगातार चाय गर्म रखते हैं और करीब 5 किलोमीटर के दायरे में घूम-घूमकर चाय की सप्लाई करते हैं। ₹5 में चाय, रोज 200–250 कप की बिक्री
एक कप चाय की कीमत मात्र ₹5 है। वे रोजाना करीब 200 से 250 कप चाय बेचते हैं। उनका समय सुबह 7:30 बजे से 11 बजे तक रहता है। फ्रीगंज, सब्जी मंडी, अस्पताल, दुकानों और ठेलों तक वे अपनी सेवा पहुंचाते हैं। खास बात यह है कि वे ग्राहकों को स्वाद पसंद न आने पर पैसे वापस करने की गारंटी भी देते हैं। पूनमचंद यादव के परिवार में पत्नी उषा यादव (हॉउस वाइफ), बेटी निकिता (23, B.Ed) और बेटा ऋषभ (26, B.Com, M.Com) हैं। पूरा परिवार इस काम में उनका सहयोग करता है। कोरोना के बाद बदली राह
पहले वे मंडी में पोहा बेचने का काम करते थे, लेकिन कोरोना लॉकडाउन में रोजगार ठप हो गया। इसके बाद उन्होंने नए तरीके से चाय बेचने का आइडिया अपनाया। फ्रीगंज में सैलून चलाने वाले जगदीश देवड़ा बताते हैं कि चाय का स्वाद बेहतरीन है और दुकान तक सर्विस मिलती है। पेपर और स्टील कप का विकल्प भी उपलब्ध है। महंगाई के दौर में सस्ती चाय होने से यह और लोकप्रिय हो गई है। कई व्यापारी दिन में 3–4 बार उनकी चाय लेते हैं। पूनमचंद बताते हैं कि एक मित्र के सुझाव पर उन्होंने बाइक पर यह सेटअप तैयार किया। आज यह ‘मोबाइल चाय’ मॉडल न सिर्फ उनकी रोजी-रोटी का जरिया है, बल्कि आत्मनिर्भरता और नई सोच की मिसाल भी बन गया है।
Source link