मंडला जिले के नैनपुर में प्रशासन ने सरकारी जमीन पर कब्जा जमाए बैठे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। कलेक्टर के आदेश पर राजस्व, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने वार्ड नंबर 7 के ग्राम इटका में करीब 70 एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। प्रशासन के मुताबिक, इस कीमती जमीन पर करीब 17 लोगों ने लंबे समय से तार फेंसिंग कर रखी थी और वहां खेती कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से फेंसिंग और अन्य सामान हटाकर नगर पालिका को सौंप दिया। मौके पर एसडीएम आशुतोष महादेव सिंह ठाकुर, तहसीलदार और थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। बायोमास प्लांट के लिए आवंटित है जमीन यह 70 एकड़ भूमि नवीन और नवकरणीय ऊर्जा विभाग, भोपाल को आवंटित की जा चुकी है। यहां आने वाले समय में बायोमास प्लेट्स प्लांट लगाया जाएगा, जिससे कचरे और अपशिष्ट से ऊर्जा का उत्पादन होगा। सख्त चेतावनी और कार्रवाई प्रशासन ने जमीन खाली कराने के बाद वहां सरकारी सूचना बोर्ड लगा दिया है। साथ ही कब्जा करने वालों के खिलाफ बॉन्ड ओवर की कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। एसडीएम ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Source link