मोहाली के खरड़-लांडरा रोड पर स्थित एक रेस्टोरेंट फूडस वे- 43 में अवैध शराब बेचने के आरोप में एक्साइज विभाग ने शुक्रवार देर शाम बड़ी कार्रवाई की। विभाग ने रेस्टोरेंट मालिक को दोबारा गिरफ्तार किया है। इस छापेमारी में रेस्टोरेंट से दो पेटी व्हिस्की और मालिक की कार से 9 पेटी बीयर जब्त की गई। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर एक्साइज विभाग के सर्किल खरड़ के इंस्पेक्टर अशोक कुमार के नेतृत्व में की गई। जब्त की गई शराब की पेटियों पर ‘फॉर सेल इन चंडीगढ़ ओनली’ अंकित था। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह शराब सस्ते दामों पर लाकर रेस्टोरेंट में ग्राहकों को अवैध रूप से बेची जा रही थी। जांच के दौरान रेस्टोरेंट मालिक का लाइसेंस और कार भी बरामद हुई, जो उसी के नाम पर पंजीकृत हैं। गिरफ्तार रेस्टोरेंट मालिक का नाम दविंदर अरोड़ा है। गौरतलब है कि दविंदर अरोड़ा को इसी रेस्टोरेंट में 7 मार्च को हुई छापेमारी के दौरान भी गिरफ्तार किया गया था, तब 88 पेटी अवैध शराब बरामद हुई थी। वह हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। जानकारी के अनुसार, आरोपी दविंदर अरोड़ा ने शुक्रवार को ही अपने पिछले केस में जब्त मोबाइल फोन संबंधित थाने से छुड़ाया था। इसके कुछ ही समय बाद उसे फिर से अवैध शराब तस्करी के आरोप में पकड़ लिया गया। इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई असिस्टेंट कमिश्नर एक्साइज अशोक चिल्होत्रा के निर्देशों पर ईटीओ दिवान चंद की निगरानी में की गई। छापेमारी के दौरान सिटी थाना पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया और संयुक्त रूप से शराब जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी की कार को जब्त कर लिया है और दविंदर अरोड़ा से आगे की जांच जारी है। विभाग का कहना है कि इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।
Source link