ट्रक-ट्रॉली की टक्कर में घायल कंडक्टर की मौत:लुधियाना अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम, फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज




सिधवां बेट-जगराओं मार्ग पर दो दिन पहले हुए एक सड़क हादसे में घायल हुए व्यक्ति हरकिरन सिंह उर्फ मिंटू (55) की लुधियाना के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा गांव स्वद्दी कलां के पास हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के बाद फरार हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना सदर के एएसआई सुखदेव सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता हरदीप सिंह निवासी पत्ती बादा, काऊंके कलां (जगराओं) ने पुलिस को बताया कि 9 अप्रैल 2026 को वह खुद ट्रक चला रहे थे। उनके साथ सुखदेव सिंह उर्फ बिल्ला और कंडक्टर हरकिरन सिंह उर्फ मिंटू भी मौजूद थे। मठारू वर्कशॉप के नजदीक हुआ था हादसा शाम करीब पौने छह बजे जब उनका ट्रक गांव स्वद्दी खुर्द के पास मठारू वर्कशॉप के नजदीक पहुंचा, तो सड़क के बाईं ओर रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। ट्रॉली चालक गुरमेज सिंह निवासी हरेला हाजी, जिला फिरोजपुर ने बिना देखे लापरवाही से अचानक ट्रॉली को सड़क पर चढ़ा दिया। इससे पहले कि ट्रक चालक ब्रेक लगा पाता, ट्रक ट्रॉली के पिछले हिस्से से जा टकराया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक हो गया फरार टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कंडक्टर हरकिरन सिंह उर्फ मिंटू को गंभीर चोटें आईं, जबकि दूसरे ड्राइवर सुखदेव सिंह उर्फ बिल्ला को मामूली चोटें लगीं। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल हरकिरन सिंह को पहले जगराओं के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लुधियाना रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *