बैतूल-सारणी मार्ग पर हिरण कार पर कूदा:एक की नाक टूटी, दूसरे कार सवार को भी चोट




बैतूल-सारणी मार्ग पर स्टेट हाईवे में बंजारी माई के ढलान पर एक हादसा हो गया, जब अचानक एक हिरण चलती कार पर कूद गया। घटना में कार सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, राजेश राजने, जो एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस के होम लोन विभाग में सेल्स का काम देखते हैं और बागडोना की साईं लीला रेसिडेंसी में रहते हैं, सारणी से बैतूल की ओर आ रहे थे। उनके साथ दिनेश, जो प्राइवेट इलेक्ट्रिशियन हैं, भी कार में सवार थे। जैसे ही उनकी टोयोटा टाइगर (कार) बंजारी माई के ढलान पर पहुंची, अचानक एक हिरण तेजी से आकर कार पर कूद गया। पूरी घटना महज 20 से 30 सेकंड में हो गई। टक्कर इतनी अचानक थी कि संभलने का मौका नहीं मिला। एक की नाक में फ्रैक्चर
हादसे में दिनेश को गंभीर चोटें आई हैं। उनकी आंख के ऊपर तीन टांके आए हैं और नाक में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। वहीं राजेश को भी हल्की चोटें आई हैं। दोनों घायलों को सीधे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दिनेश को सर्जिकल वार्ड में भर्ती कर लिया। राजेश ने बताया कि हादसे के समय गाड़ी की रफ्तार करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जो ढलान होने के कारण नियंत्रित थी। उन्होंने कहा कि गनीमत रही कि स्पीड ज्यादा नहीं थी, वरना हादसा और गंभीर हो सकता था। संभावना जताई जा रही है कि हिरण किसी अन्य जानवर के पीछा करने के कारण घबराकर अचानक सड़क पर आ गया और सीधे कार से टकरा गया। यह मार्ग जंगल क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण यहां अक्सर वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। घटना के बाद लोगों को इस मार्ग पर सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *