.
पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर वृंदावन में नाव हादसे से जुड़ी रही। इसमें मरने वाले पंजाब के लोगों की संख्या बढ़कर 11 हो गई। वहीं 9 लोगों के शव उनके घर पहुंच गए हैं।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. वृंदावन नाव हादसा, जगराओं में 5 चिताएं एकसाथ जलीं; अब तक 11 मौतें
वृंदावन नाव हादसे में मरने वाले पंजाब के लोगों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। अबोहर के रहने वाले मानिक टंडन की भी शनिवार को लाश मिली। मानिक की सगाई हो चुकी थी और 12 सितंबर को शादी होने वाली थी। वह इसी हादसे में मारे गए मधुर बहल के मौसी के बेटे थे। हादसे में मारे गए पंजाब के 9 लोगों की लाशें घर पहुंच गई। इसमें लुधियाना के दुगरी की अंजू गुलाटी, राकेश गुलाटी और मीनू बंसल शामिल हैं।
वहीं मीनू बंसल के बेटे निखिल बंसल ने कहा कि उसकी बहन डिंकी बंसल अभी लापता है। उसका नाम मिसिंग लिस्ट में भी नहीं है। वहीं, जगराओं में 5 लोगों, कविता बहल, चरणजीत, मधुर बहल, पिंकी बहल और ईशान कटारिया की लाश पहुंची। लवी बहल ने भाई मधुर बहल को राधा-राधा कहकर अंतिम विदाई दी। यहां के श्मशान में पांचों की चिताएं एकसाथ जलीं। मोगा में भी सपना हंस की लाश घर पहुंच गई है।
CM भगवंत मान भी जगराओं में शोक जताने पहुंचे। उन्होंने मृतक चरणजीत और पिंकी बहल को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वह अंतिम संस्कार में शामिल होने श्मशान घाट पहुंचे। उन्होंने कहा कि मृतकों की यादगार बनाई जाएगी। गौरतलब है कि लुधियाना से 2 बसों में130 लोग वृंदावन घूमने गए हुए थे, कल (10 अप्रैल) दोपहर में यह हादसा हो गया। (पढ़ें पूरी खबर)
2. ट्रॉली कारोबारी की बेटियां बोलीं- स्कूल छूट गया: हमारे गांव में जन्मे AAP मंत्री हमें धमका रहे
मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल के साथ अपनी कथित कॉल रिकॉर्डिंग शेयर करने वाले मुकेरियां के कारोबारी मलकीत सिंह की अब बेटियां भी सामने आई हैं। उन्होंने एक वीडियो जारी कर बताया कि मंत्री और विधायक के साथ विवाद के चलते उनका स्कूल जाना बंद हो गया है।
बच्चियों ने पंजाब CM भगवंत मान से अपील करते हुए वीडियो में कहा- हमारा क्या कसूर है, जो हम स्कूल नहीं जा पा रहे? परिवार स्कूल नहीं भेज रहा, जिससे पढ़ाई छूट गई है। परिवार कहता है कि स्कूल नहीं जाना। कोई किडनैप कर लेगा। CM मान से कहा कि उन्हें उनके ही गांव में पैदा हुआ आपका मंत्री धमका रहा है।
उधर, मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने भी सफाई दी। उन्होंने कहा- कारोबारी अपने बच्चों की सौगंध खाकर कहे कि मैंने इससे ट्रॉली ली थी। इसका सारा गांव इसके खिलाफ है। मेरे पास इनका कोई पैसा बकाया नहीं है। मुझ पर लगाए सारे इल्जाम झूठे हैं। 10 अप्रैल को कारोबारी ने एक कॉल रिकॉर्डिंग जारी कर मंत्री और विधायक पर इल्जाम लगाया था कि मंत्री ने उनसे एक ट्रॉली खरीदी, लेकिन उसके 6 लाख रुपए नहीं दिए। वह पेमेंट मांगने गया तो मंत्री ने कहा कि इतना तो मेरा कमीशन है। मंत्री ने उसकी फैक्ट्री में हिस्सा मांगा। (पढ़ें पूरी खबर)
3. 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़े पिता-पुत्र, बोले- झूठा केस दर्ज किया
गुरदासपुर के गांव सैरोवाल के रहने वाले पिता-पुत्र पुलिस से परेशान होकर हाई वोल्टेज तारों के 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गए। दोनों बुधवार सुबह 9 बजे टावर पर चढ़े थे और डीएसपी के आश्वासन के बाद 55 घंटे बाद नीचे उतरे। पिता हरदेव सिंह ने बताया कि 2021 में गांव के ही कुछ व्यक्तियों ने सीनियर सेकेंडरी स्कूल घुमान में पेपर देने आए उसके बेटे की तेजधार हथियार से हत्या कर दी थी।
हत्या के आरोपी कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आए हैं और उन्हें परेशान कर रहे हैं। उन लोगों ने उनके खिलाफ झूठा मामला भी दर्ज करवा दिया है, जिसके चलते पुलिस ने रेड की और उनके छोटे बेटे को हिरासत में ले लिया। इसी कारण मजबूरी में वह और उनका बेटा टावर पर चढ़े।
डीएसपी टीपी सिंह ने विश्वास दिलाया कि इस मामले की 15 दिनों के भीतर जांच कर समाधान किया जाएगा। पुलिस द्वारा दिए गए आश्वासन वह दोनों नीचे उतर आए हैं। कामरेड गुरमीत सिंह बखतपुरा और हरविंदर सिंह मल्ली ने कहा कि 15 दिनों के अंदर दर्ज केस खारिज नहीं होता तो वह 32 संगठनों को साथ लेकर बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। (पढ़ें पूरी खबर)
4. सिंगर बब्बू मान के शो में पाकिस्तानी इंफ्लुएंसर का हंगामा, बोलीं-सिक्योरिटी ने धक्के दिए, ब्रेस्ट छुई
पंजाबी सिंगर बब्बू मान के जर्मनी शो में पाकिस्तानी सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने हंगामा किया। लेकिन सिक्योरिटी ने उसे रोक दिया। इंफ्लुएंसर की पहचान अलीजा सहर के तौर पर हुई है। अलीजा ने 10 अप्रैल को वीडियो शेयर कर आरोप लगाते हुए दावा किया कि बब्बू मान की सिक्योरिटी में लगे लोगों ने उसकी ब्रेस्ट पर हाथ लगाया। उसके साथ हुई बदसलूकी के लिए सिक्योरिटी गार्ड से बब्बू मान जवाब मांगें।
अलीजा ने कहा कि मैं बब्बू मान की डाइ हार्ट फैन हूं। मैं 6 अप्रैल को फ्रैंकफर्ट में हुए शो में बब्बू मान से मिलने के लिए गई थी लेकिन सिक्योरिटी ने उसको गलत ढंग से छुआ। वह बब्बू मान के साथ मिल भी नहीं पाईं जिससे उनका दिल टूट गया है। वीडियो पर बात करते-करते ही अलीजा रोने लगती हैं। कहती हैं कि सिंगर बब्बू मान से उसे इंसाफ की उम्मीद है।
पंजाबी गायक का यह लाइव कॉन्सर्ट 6 अप्रैल, 2026 की रात को जर्मनी में आयोजित किया गया था। यह शो उनके यूरोप टूर का एक प्रमुख हिस्सा था, जिसमें हजारों की संख्या में प्रशंसक पहुंचे थे। हालांकि इस विवाद पर सिंगर का कोई बयान नहीं आया है। (पढ़ें पूरी खबर)
5. कैबिनेट की अहम बैठक, 13 अप्रैल को बुलाया विधानसभा का विशेष सत्र
पंजाब सरकार की कैबिनेट बैठक मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में हुई। जिसमें कई मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में फैसला लिया गया कि 13 अप्रैल को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाएगा। इस प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है।
सरकार इस विशेष सत्र के दौरान बेअदबी से जुड़े मामलों पर सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। इसी के तहत सत्र में बेअदबी बिल पेश किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस बिल के जरिए धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी के मामलों में सख्त प्रावधान किए जा सकते हैं।
6. अब बनेंगे 6 मंजिला फ्लैट, ग्रुप हाउसिंग स्कीम जल्द लॉन्च होगी
चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (CHB) की ग्रुप हाउसिंग स्कीम जल्द लॉन्च होगी। इसमें EWS फ्लैट की कीमत 74 लाख, 2BHK की 1.97 करोड़ और 3BHK की कीमत 2.30 करोड़ रुपए तक रहेगी। यह कीमत इतनी ज्यादा है कि चंडीगढ़ के साथ लगते मोहाली में कोई चार कोठियां बना सकता है।
इसके कारण, चंडीगढ़ प्रशासन ने फ्लोर एरिया रेशियो (FAR) को 1.2 से बढ़ाकर 2.4 कर दिया है। इस फैसले के बाद अब यहां 4 या 5 की बजाय 6 मंजिला इमारतों का निर्माण हो सकेगा। दरअसल, हाल ही में कलेक्टर रेट में हुई बढ़ोतरी के कारण इस प्रोजेक्ट की लागत में 35% से 40% तक का उछाल आ गया है।
पहले यह स्कीम 2018 में लॉन्च हुई थी, लेकिन तब ऊंची कीमतों के कारण इसे रिस्पॉन्स नहीं मिला। नवंबर 2024 में प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने इस पर दोबारा काम शुरू करवाया। मार्च 2025 में किए गए डिमांड सर्वे में चौंकाने वाले नतीजे आए। महज 372 फ्लैट्स के लिए 7,468 लोगों ने आवेदन किया। भारी डिमांड को देखते हुए प्रशासन अब इसे जल्द से जल्द लॉन्च करना चाहता है। (पढ़ें पूरी खबर)
7. मोहाली में PBKS Vs SRH का IPL मैच, स्टेडियम में एंट्री पर पुलिस-दर्शक भिड़े
मोहाली के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (मुल्लांपुर) में आज पंजाब किंग्स (PBKS) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। स्टेडियम में दोपहर से ही भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। पंजाब के साथ हरियाणा, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर से भी फैंस पहुंचे हैं।
स्टेडियम में एंट्री शुरू होते ही भीड़ जमा हो गई। अमृतसर से आए राम कुमार की टिकट को लेकर पुलिस से बहस हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी ने पहले चेकिंग के बहाने टिकट मांगी और रख ली, बाद में देने से इनकार कर दिया। वह टिकट ब्लैक कर रहे हैं। फैन हीना ने कहा कि आज पंजाब ही जीतेगी और श्रेयस अय्यर शतक मारेंगे।
दोनों टीमों के बीच अब तक 24 IPL मैच खेले गए हैं, जिनमें से 17 SRH तो 7 PBKS ने जीते हैं। पंजाब किंग्स इस टूर्नामेंट में 2 मैच जीती है और एक ड्रॉ हुआ है। इस मुकाबले को लेकर जहां एक तरफ श्रेयस अय्यर (सरपंच साहब) के फैंस काफी एक्टिव हैं, वहीं अभिषेक शर्मा का क्रेज भी दिख रहा है। (पढ़ें पूरी खबर)
8. चंडीगढ़ की आलीशान कोठियों में रह सकेंगे टूरिस्ट, महंगे होटलों का खर्च बचेगा
चंडीगढ़ आने वाले टूरिस्टों को अब महंगे होटलों का खर्च नहीं उठाना पड़ेगा। वह चंडीगढ़ की आलीशान कोठियों में ठहर सकेंगे। यही नहीं, कोठी मालिकों को इससे न केवल कमाई होगी बल्कि उन्हें घरेलू दरों पर ही टैक्स और बिजली बिल देना होगा। घर को ‘कमर्शियल’ इकाई नहीं माना जाएगा। प्रशासन ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट’ स्कीम शुरू करने की तैयारी में है।
प्रशासन 14 अप्रैल तक लोगों से इस संबंध में सुझाव मांगेगा। इसके बाद योजना को लागू किया जाएगा। जो मकान मालिक अपने घर को रजिस्ट्रेशन करना चाहते हैं, उन्हें निर्धारित अथॉरिटी के पास एक निर्धारित फॉर्म और आवश्यक रजिस्ट्रेशन फीस के साथ आवेदन करना होगा। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया एक महीने में पूरी होगी। उसके बाद 3 साल के लिए यह अनुमति रहेगी।
अगर कोई मकान मालिक नियमों का उल्लंघन करता है, गलत जानकारी देता है या मेहमानों को तय सुविधाएं नहीं देता, तो उस पर ₹5,000 से लेकर ₹20,000 तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा, यदि मालिक किसी आपराधिक मामले में दोषी पाया जाता है या बार-बार नियमों की अनदेखी करता है, तो उसका रजिस्ट्रेशन भी रद्द किया जा सकता है।(पढ़ें पूरी खबर)
9. आर्मी का सामान ले जा रहे ट्रक को लगाई आग, ड्राइवर बोला- रिश्वत न देने पर पुलिसकर्मी ने सिगरेट फेंकी
महाराष्ट्र के नासिक में पंजाब के एक ट्रक में आग लग गई, जिससे उसमें लदा सारा सामान जल गया। संगरूर के रहने वाले ड्राइवर जगतार सिंह ने बताया कि वह पुणे से बठिंडा जा रहा था। ट्रक में आर्मी सीएसडी का सामान भरा हुआ था। ड्राइवर के मुताबिक, रास्ते में पुलिस ने उसे यह कहकर रोक लिया कि वह नो-एंट्री में आ गया है। जब उसने पूछा कि सिर्फ उसकी गाड़ी को ही क्यों रोका गया, जबकि बाकी गाड़ियां जा रही हैं, तो पुलिस ने उससे 30 हजार रुपए मांगे।
जगतार सिंह ने कहा कि उसने पुलिस को बताया कि ट्रक में आर्मी का सामान है और उसका इसमें कोई निजी फायदा नहीं है। इसके बाद पुलिस ने उससे 5 हजार रुपए मांगने शुरू कर दिए। ड्राइवर ने आरोप लगाया कि पैसे देने से मना करने पर उसे साइड में ले जाकर थप्पड़ मारे गए। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी सिगरेट पी रहा था, जिसकी वजह से ट्रक के डीजल टैंक में आग लग गई। आग लगते ही पुलिसकर्मी मौके से भाग गए।
वहीं, जांच अधिकारी का कहना है कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी लग रही है। ड्राइवर के आरोपों को देखते हुए पुलिस टोल नाके के CCTV फुटेज की जांच कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके
10. पंजाब पुलिस का फर्जी शराब रिकवरी का VIDEO, SHO-ASI और लेडी कॉन्स्टेबल लाइनहाजिर
जालंधर पुलिस का फर्जी शराब रिकवरी का वीडियो सामने आया है। इसके बाद SHO वलविंदर सिंह, ASI सुखविंदर सिंह, लेडी कॉन्स्टेबल हैवनप्रीत कौर को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
पुलिस ने शाहकोट थाने में 9 अप्रैल को FIR नंबर-90 दर्ज की थी। जिसमें दावा किया कि उसने अकरम नाम के युवक के घर से 35 लीटर लाहन (देसी शराब) बरामद की। पुलिस और एक्साइज टीम ने दावा किया कि लाहन तूड़ी वाले कमरे में नीले ड्रम में मिली। हालांकि, CCTV फुटेज में पुलिस गाड़ी की डिक्की से नीला ड्रम निकालते हुए दिखती है।
वीडियो में साफ दिखता है कि पहले 2 लोग नीला ड्रम उठाकर कार से नीचे रखते हैं। उसके बाद वो आरोपी के घर इसे ले जाते हैं। इसके बाद पुलिस पार्टी घर में एंटर कर रेड करती है। रेड में 7 पुलिसवाले कैमरे में कैद हुए हैं। 4 वर्दी में, 3 साधारण कपड़ों में थे। पुलिस ने लाहन की खेप पकड़ने की बाकायदा वीडियोग्राफी भी करवाई और ड्रम सील कर ले गए। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम साढ़े 5 बजे फिर होगी मुलाकात)