बस्ती जिले में राम जानकी मार्ग पर स्थित गायघाट पुलिस चौकी के सामने शनिवार देर शाम एक सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। उन्हें एक अनियंत्रित बाइक ने टक्कर मार दी थी। कलवारी थाना क्षेत्र के गायघाट कस्बे के निवासी 75 वर्षीय हमींदुल्लाह पुत्र बिस्मिल्लाह शनिवार देर शाम अपने घर जा रहे थे। सड़क पार करते समय पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हमींदुल्लाह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बस्ती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने हमींदुल्लाह को मृत घोषित कर दिया। गायघाट चौकी प्रभारी राकेश मिश्र ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपी बाइक को कब्जे में ले लिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link