गैस सिलेंडर से झुलसी वृद्ध महिला की मौत:1 अप्रैल को हुआ था हादसा, वाराणसी में दम तोड़ा




कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हाटा वार्ड संख्या 5 में गैस सिलेंडर से झुलसी एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान 75 वर्षीय सावित्री देवी के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय मगन गोसाई की पत्नी थीं। यह हादसा बीते 1 अप्रैल को हुआ था। सावित्री देवी अपने घर में खाना बना रही थीं, तभी अचानक गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण आग लग गई। वह आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गईं। उन्हें तुरंत भभुआ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया था। मृतका के दामाद राकेश गोस्वामी ने बताया कि वाराणसी के ट्रामा सेंटर में लंबे समय तक उनका इलाज चला। स्थिति में कुछ सुधार होने पर उन्हें घर लाया गया था, जहाँ उनका औपचारिक उपचार जारी था। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्होंने दम तोड़ दिया। शनिवार शाम करीब 5:30 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल लाया गया। चैनपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *