खुटौना गोलीकांड के दो फरार आरोपी:पुलिस दबिश-कुर्की के भय से कोर्ट में किया सरेंडर




मधुबनी के खुटौना थाना गोलीकांड के दो फरार मुख्य आरोपियों ने पुलिस की लगातार दबिश और कुर्की की कार्रवाई के डर से कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। यह सरेंडर इश्तेहार चिपकाए जाने के 24 घंटे के भीतर हुआ। यह मामला 24 जनवरी, 2026 का है, जब खुटौना थाना क्षेत्र के बाघा कुसमार निवासी अब्दुल मन्नान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में 26 जनवरी, 2026 को खुटौना थाना कांड संख्या 14/26 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए, मधुबनी पुलिस अधीक्षक ने फुलपरास अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था। टीम को अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए गए थे। पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थीं। फरार चल रहे अभियुक्तों पर दबाव बनाने के लिए माननीय न्यायालय के आदेश पर खुटौना थाना पुलिस ने उनके घरों पर इश्तेहार चिपकाए थे। पुलिस की निरंतर दबिश और कानूनी कार्रवाई के भय से अभियुक्तों के पास आत्मसमर्पण के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था। पुलिस की सक्रियता के परिणामस्वरूप, इश्तेहार चिपकाने के महज 24 घंटों के भीतर इस कांड के दो मुख्य अभियुक्तों जयनारायण यादव (पिता: रामलोचन यादव, निवासी: सिसवा बरही, थाना: फुलपरास) और गुड्डू भिंडवार (पिता: उमेश भिंडवार, निवासी: सुगापट्टी, थाना: फुलपरास) ने माननीय न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इस मामले में एक अन्य अभियुक्त पहले ही कोर्ट में सरेंडर कर चुका है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *