एयरपोर्ट पर सेफ्टी को लेकर मंथन:उड़ानों के लिए खतरा बन रहे पक्षी और अवैध निर्माण




भास्कर न्यूज| अमृतसर अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों को सुरक्षित बनाने के लिए एयरपोर्ट एनवायरनमेंट मैनेजमेंट कमेटी की एक खास मीटिंग हुई। एयरपोर्ट अथॉरिटी के बिजनेस सेंटर में हुई इस मीटिंग की कमान एयरपोर्ट डायरेक्टर भूपेंद्र सिंह ने संभाली। मीटिंग का मुख्य मकसद उन एनवायरनमेंटल दिक्कतों को दूर करना था, जो फ्लाइट्स की लैंडिंग और टेक-ऑफ के समय रुकावट पैदा करती हैं। अफसरों ने इस बात पर जोर दिया कि रनवे के आसपास पक्षियों और जंगली जानवरों की मौजूदगी पैसेंजर्स की सेफ्टी के लिए एक बड़ा रिस्क है, जिसे कम करना बेहद जरूरी है। मीटिंग के दौरान इस बात पर लंबी चर्चा हुई कि एयरपोर्ट के आसपास पक्षियों की एक्टिविटी को कैसे कंट्रोल किया जाए। अफसरों ने बताया कि रनवे के पास लेजर लाइट का इस्तेमाल, बिना परमिशन उड़ने वाले ड्रोन और अवैध तरीके से बनाई जा रही बिल्डिंग्स विमानों के ऑपरेशन के लिए सिरदर्द बनी हुई हैं। इन सब चीजों से पायलटों को प्लेन हैंडल करने में काफी परेशानी आती है। कमेटी ने साफ किया कि अगर उड़ानों को सेफ रखना है, तो इन बाहरी खतरों पर लगाम कसनी ही होगी। पक्षियों के जमावड़े का सबसे बड़ा कारण एयरपोर्ट के बाहर फैली गंदगी को माना गया। चर्चा में यह बात सामने आई कि आसपास बनी अवैध झुग्गियां, ढाबे और मीट की दुकानें पक्षियों को अपनी ओर खींचती हैं। इसके अलावा कूड़े-कचरे का सही मैनेजमेंट न होना, खुले में जानवरों के अवशेष फेंकना और गंदे पानी की निकासी के लिए बने खुले नाले इस समस्या को और गंभीर बना रहे हैं। इन जगहों पर पक्षी खाने की तलाश में आते हैं और फिर रनवे के ऊपर मंडराने लगते हैं, जिससे फ्लाइट्स के टकराने का डर बना रहता है। कमेटी ने इन सभी कमियों को जल्द से जल्द दूर करने की बात कही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *