लुधियाना लाया जाएगा कमल कौर भाबी का हत्यारा:धमकी केस में गिरफ्तारी वारंट पहले से जारी,राजा वड़िंग को दी थी थ्रेट




सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर भाभी की हत्या के मुख्य आरोपी और कट्टरपंथी नेता अमृतपाल सिंह मेहरों को लुधियाना पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी कर रही है। यह कदम उस मामले में उठाया जा रहा है जिसमें पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान और सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को धमकी देने और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने के आरोप लगे हैं। इस मामले में अदालत पहले ही मेहरों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर चुकी है। 2022 में दर्ज हुआ था केस
मेहरों के खिलाफ 23 नवंबर 2022 को भारतीय दंड संहिता की धारा 188 और 506 तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 25, 54 और 59 के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। यह कार्रवाई एक वेब चैनल पर प्रसारित इंटरव्यू के बाद की गई थी, जिसमें मेहरों ने कथित रूप से हथियारों का प्रदर्शन और विवादित बयान दिए थे। राजा वड़िंग को दी थी धमकी
दरअसल, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मेहरों की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए युवाओं को गुरुओं की शिक्षाओं से जोड़ने की सराहना की थी, लेकिन साथ ही हथियार संस्कृति को बढ़ावा देने पर चिंता जताई थी। इसके जवाब में मेहरों ने एक वीडियो जारी कर कथित तौर पर न सिर्फ हथियारों का जिक्र किया बल्कि वड़िंग को धमकी भी दी। FIR के अनुसार, इंटरव्यू में मेहरों ने यहां तक कहा कि जिस तरह इंदिरा गांधी की हत्या हुई थी, उसी तरह एक दिन वड़िंग को भी खत्म कर दिया जाएगा। कोर्ट में पेश नहीं हो रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, मेहरों को इस केस में पहले जमानत मिल चुकी थी और वह जांच में शामिल भी हुआ था। वर्ष 2025 में पुलिस ने उसके खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल कर दी थी। हालांकि बाद में उसने अदालत में पेश होना बंद कर दिया। इसके बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डेजी बांगड़ ने 30 जनवरी को उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए। इस मामले की अगली सुनवाई 18 अप्रैल को निर्धारित है। यूएई से डिपोर्ट होकर आया भारत
फिलहाल अमृतपाल सिंह मेहरों बठिंडा पुलिस की हिरासत में है। उसे हाल ही में यूएई से डिपोर्ट किया गया था और नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बठिंडा पुलिस ने उसे कंचन कुमारी हत्याकांड के सिलसिले में गिरफ्तार किया। अब लुधियाना पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर धमकी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *