वैभव सूर्यवंशी को सुरीले अंदाज में सलामी:मंत्रीजी की पूर्व मंत्री पत्नी से ट्यूनिंग; बीच सड़क वकील-पुलिस की बहस




नमस्कार क्रिकेट में राजस्थान रॉयल्स का नन्हा सितारा खूब चमक रहा है। राजस्थानी लोक-गायक इस्माइल लंगा ने गीत गाकर सलामी दी। जयपुर में बीच सड़क जूनियर वकीलों और ट्रैफिक पुलिस वालों की बहस हो गई। लड़कियों से सड़क पर छेड़छाड़ करने वालों की अब खैर नहीं और कृषि मंत्रीजी की पूर्व मंत्री पत्नी के साथ गजब की ट्यूनिंग का वीडियो सामने आया। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में.. 1. राजस्थानी लोकगायकों की सूर्यवंशी को ‘सलामी’ क्रिकेट का दौर चल रहा है। 15 साल का वैभव सूर्यवंशी ऐसे-ऐसे कारनामे कर रहा है कि इस उम्र के किशोर माता-पिता के ताने झेल रहे हैं। मां, बेटे से कहती है- एक तू है जिसे गणित का सरल सा सवाल समझ नहीं आ रहा…और एक वैभव सूर्यवंशी है जिसने.. क्रिकेट का लगभग हर दिग्गज वैभव के ही गीत गा रहा है। इधर राजस्थान में लोक-गायक इस्माइल लंगा ने तो अपनी पार्टी के साथ वैभव को डेडिकेट करते हुए गीत गा दिया। गीत है- छोटा बच्चा समझ के न कोई आंख दिखाना रे। क्रिकेट की बात चल रही है तो अलवर ग्रामीण से नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की तस्वीरें भी सामने आई हैं। मैदान में बल्ला खूब गरज रहा है। वैसे विधानसभा में इनके शब्द गरजते हैं। 2. बीच सड़क वकील-पुलिस की ‘बहस’ वकील और पुलिस का बैर जग-जाहिर है। तीन जूनियर वकील बाइक पर सवार होकर निकले। हेलमेट का पता नहीं। जयपुर के विद्याधर नगर में ट्रैफिक पुलिस ने उन्हें रोक लिया। गाड़ी साइड में लगवा दी। खाकी और नीली-सफेद यूनिफॉर्म वालों को पता नहीं कि बंदे काले कोट वाले हैं। पुलिस ने वकील की आईडी मांगी। वकील ने पलटवार किया- पहले तुम्हारी सबकी आईडी दिखाओ। मैं कैसे मान लूं कि तुम असली हो या नकली? इस बात पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने करीब 15 सेकेंड तक वकील को घूरा। फिर जोर से चिल्ला पड़ा- बकवास कर रहा है क्या? वकीलों ने 112 नंबर पर कॉल कर थाना पुलिस को मौके पर बुला लिया। पुलिस अधिकारी से भी कहा- इन सबकी आईडी चेक करो। सांप-छछुंदर की स्थिति बन गई। चालान करें, छोड़ें, आईडी दिखाएं या क्या करें? वकील ने वीडियो भी बना लिया। पुलिसकर्मी पर अभद्रता का आरोप लगा दिया। अब ‘वकील एकता जिंदाबाद’ के नारे लगने की पूरी गुंजाइश है। 3. पुलिस मैडम ने दिया लड़कों को ‘सख्त संदेश’ कुछ लोग गुलाबी रंग पर कालिख पोतने में लगे हुए हैं। बाइक पर जाती लड़की को छेड़ने की तस्वीर ने गुलाबी शहर को शर्मसार कर दिया। इससे पहले भी विदेशी युवतियों के साथ आमेर में और जलमहल की पाल पर छेड़खानी की घटनाएं हो गईं। एक ऑटोवाला तो विदेशी महिला को गालियां सिखाने में खुशी ढूंढ रहा था। इन सब घटनाओं से पुलिस पर सवाल भी उठे। सवाल और कड़े इसलिए हुए क्योंकि पुलिस ने चलती बाइक पर छेड़छाड़ की घटना को रील से जोड़कर हल्का कर दिया। अब ट्रैफिक एडीसीपी मैडम का कड़क संदेश सामने आया है। मैडम ने मनचले लड़कों को सख्त चेतावनी दी है। कहा है- जगह-जगह कालिका टीमें सादी वर्दी पर तुम पर निगाह रखी हुई हैं। गलती की तो खैर नहीं होगी। 4. चलते-चलते.. हाल ही में दौसा के महवा में कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा था- किसी भी नेता ने इतनी लड़ाई नहीं लड़ी, जितनी मैंने लड़ी। मैंने 650 आंदोलन किए, 28 बार गिरफ्तार हुआ, 17 बार जेल गया और 137 मुकदमे मेरे खिलाफ दर्ज हुए। इतनी लड़ाइयां लड़ने के बाद भी बाबा खुश कैसे रहते हैं। कन्हैया दंगलों में उनका दमखम देखिए। जमकर डांस करते हैं। साथियों की बात पर चुटकी लेते हैं। खुल कर खिलखिलाते हैं। इसका राज है पूर्व मंत्री गोलमा देवी, किरोड़ी बाबा की पत्नी। दोनों की ट्यूनिंग शानदार नजर आती है। दोनों कैमरे के सामने एक-दूसरे का सम्मान करने और प्रेम-भाव प्रदर्शित करने से हिचकते नहीं। दाम्पत्य में शांति, सहयोग और प्रेम हो तो इंसान हर जंग से फतेह हासिल करके निकलता ही है। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब मंगलवार सुबह 7 बजे मुलाकात होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *