फरीदकोट में सादिक-फिरोजपुर रोड स्थित गांव साधूवाला में शनिवार शाम खेतों में बिजली तारों में हुई स्पार्किंग के कारण करीब 10 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। उस समय पावरकॉम के कर्मचारी खेतों में लगी बिजली लाइनों की मरम्मत कर रहे थे, तभी अचानक स्पार्किंग हुई और खड़ी फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयानक रूप धारण कर लिया। गांव के लोगों और आसपास के किसानों ने ट्रैक्टरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। सूचना के बाद थाना सादिक के एसएचओ गुरलाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और किसानों से बातचीत कर जानकारी ली। ग्रामीणों के मुताबिक इस घटना में प्रीतम सिंह की 4 एकड़, बलकरण सिंह के परिवार की साढ़े 3 एकड़, जगमीत सिंह की 1 एकड़ सहित मलकीत सिंह, गुरमेल सिंह और गुरजिंदर सिंह की फसल जलकर नष्ट हो गई। सादिक क्षेत्र को उपलब्ध करवाएं फायर बिग्रेड की गाड़ी:किसान नेता इस संबंध में भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ नेता जगसीर सिंह साधूवाला ने प्रशासन और सरकार से प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसान पहले ही बारिश से हुए नुकसान से जूझ रहे हैं और अब बिजली विभाग की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। उन्होंने यह भी मांग की कि सादिक क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की गाड़ी उपलब्ध करवाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से नुकसान को कम किया जा सके।
Source link