ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी-2 सोसायटी के सातवें एवेन्यू मार्केट के बाहर देर रात दो गुटों के बीच विवाद और मारपीट हो गई। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। मारपीट के बाद कुछ युवक काले रंग की थार गाड़ी में सवार होकर सड़क पर हुड़दंग मचाते दिखे। उन्होंने सड़क पर गाड़ी रोककर अर्धनग्न होकर गाली-गलौज भी की। पुलिस के अनुसार, थार सवार युवक जब गाड़ी से निकल रहे थे, तभी आगे चल रही एक अन्य गाड़ी ने उन्हें साइड नहीं दी। इस बात को लेकर थार सवार युवकों ने हॉर्न बजाए, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। पुलिस ने बताया कि ये युवक नशे में थे। मारपीट और सड़क पर हुड़दंग मचाते युवकों का यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। बिसरख पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त थार गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Source link