हापुड़ के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में शनिवार रात चोरों ने तीन अलग-अलग प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया। स्वर्ग आश्रम रोड स्थित मोदी अस्पताल के पास हुई इन वारदातों में लाखों रुपये का सामान चोरी हो गया। रविवार सुबह जब व्यापारी अपनी दुकानों पर पहुंचे, तो उन्हें चोरी का पता चला। जानकारी के अनुसार, स्वर्ग आश्रम रोड पर शिवम की शिवा मोबाइल दुकान है। शनिवार शाम शिवम दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात में चोरों ने शटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और 24 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन तथा अन्य सामान सहित कुल लगभग 50 हजार रुपये का माल चुरा लिया। कुछ ही दूरी पर स्थित अनुज की सांई मेडिकल एजेंसी में भी चोरों ने ताला तोड़कर घुसपैठ की। यहां से तीन पेटी सिरप, टेबलेट्स के कार्टून और अन्य दवाइयों सहित करीब पांच लाख रुपये का स्टॉक चोरी हो गया। व्यापारियों में चिंता का माहौल चोरों ने पास ही स्थित अशोक कुमार की चॉकलेट एजेंसी के गोदाम को भी नहीं बख्शा। गोदाम का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये मूल्य की चॉकलेट और अन्य सामान चुरा लिया। एक ही रात में हुई इन तीन वारदातों से व्यापारियों में चिंता का माहौल है। सूचना मिलने पर थाना हापुड़ देहात पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। चोरों की पहचान और गिरफ्तारी सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच विभिन्न बिंदुओं पर चल रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link