देवास विजयागंज मंडी पुलिस ने एक सूने मकान में हुई चोरी के आरोपी को 48 घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, फरियादी किशोर पिता दयाराम चौरसिया (39), निवासी ग्राम दत्तोतर ने 9 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 अप्रैल 2026 को वह परिवार सहित एक शादी में गए थे। 9 अप्रैल को लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण व नकदी गायब थे। इस मामले में थाना विजयागंज मंडी में अपराध क्रमांक 43/2026, धारा 305(a), 331(3) BNS के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) एच.एन. बाथम के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक (एलआर) बबीता बामनिया के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक सोनी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच शुरू की। आरोपी के पास से जेवर और नकदी बरामद पुलिस ने आरोपी अरविंद मालवीय (26), पिता जयराम मालवीय, निवासी ग्राम मोहम्मदपुर टूमनी, हाल मुकाम ग्राम दत्तोतर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक सोने का पेंडल, चार सोने के दाने, एक जोड़ी सोने की बालियां, चांदी की छह बिछिया (एक जोड़ी) और 12,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
Source link