शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर जा रही भैंसों के झुंड को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में 2 भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि कार सवार बाराती शिवपुरी जा रहे थे, जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गए। नरवर थाना पुलिस ने किसान की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घर लौटते समय रास्ते में हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, टुकी गांव निवासी किसान पूरन कुशवाह शनिवार रात अपनी भैंसों को लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान नरवर-शिवपुरी मार्ग पर टुकी नानकपुर और टपकेश्वर महादेव मंदिर के बीच पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनके झुंड को टक्कर मार दी। हादसे में 2 भैंसों की जान चली गई और 2 गंभीर रूप से घायल हो गईं। नरवर के रामकिशन चौरसिया की है दुर्घटनाग्रस्त कार बताया गया है कि दुर्घटनाग्रस्त कार (क्रमांक MP33 CA 0426) नरवर निवासी रामकिशन चौरसिया की है। कार का चालक बारात लेकर शिवपुरी जा रहा था, लेकिन हादसे के बाद चालक और उसमें सवार सभी बाराती मौके से फरार हो गए। नरवर थाना प्रभारी विनय यादव ने बताया कि किसान पूरन कुशवाह की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।
Source link