मेरठ में क्रिकेट प्रेमियों के लिए इस वीकेंड खास बन गया है। BCCI की ओर से पांडव नगर नारायणा पब्लिक स्कूल में IPL फैन पार्क का आयोजन किया जा रहा है, जहां 11 और 12 अप्रैल को दर्शक 32 फीट की बड़ी स्क्रीन पर लाइव IPL मैच का आनंद उठा सकेंगे। मेरठ जिला क्रिकेट संघ (MDCA) के कोषाध्यक्ष राकेश गोयल ने बताया कि शहरवासियों को पांचवीं बार इस तरह बड़े स्तर पर लाइव क्रिकेट देखने का मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हजारों दर्शक एक साथ चौके-छक्कों का रोमांच महसूस करेंगे, जिससे माहौल बिल्कुल स्टेडियम जैसा बनेगा। BCCI के ऑपरेशन मैनेजर विकास पंडित ने जानकारी दी कि पिछले साल यह आयोजन भैंसाली मैदान में हुआ था और इस बार भी इसे और आकर्षक बनाया गया है। उन्होंने बताया कि जिन शहरों में बड़े स्टेडियम नहीं हैं, वहां इस तरह के फैन पार्क क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास अनुभव लेकर आते हैं। फैन पार्क में सिर्फ मैच ही नहीं, बल्कि मनोरंजन के कई साधन भी होंगे। बच्चों के लिए एक्टिविटी जोन, युवाओं के लिए गेम्स और बॉक्स क्रिकेट जैसी गतिविधियां आयोजित की गई हैं। साथ ही फूड स्टॉल पर लोग खाने-पीने का लुत्फ उठा सकेंगे और संगीत की धुन पर लाइव मैच का प्रसारण किया जाएगा। इस इवेंट की खास बात यह है कि इसमें प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है। दोपहर 3 बजे से एंट्री शुरू होगी और 3:30 बजे से मैच का लाइव प्रसारण किया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक, करीब 8 से 10 हजार दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है, खासकर वीकेंड होने के कारण भीड़ और बढ़ सकती है। मेरठ के साथ-साथ यह आयोजन देश के अन्य शहरों में भी आयोजित किया जा रहा है, जिससे देशभर में IPL का उत्साह और बढ़ गया है।
Source link