बालाघाट में कार पेड़ से टकराई, युवक की मौत:दो युवतियां घायल, एक गंभीर हालत में हायर मेडिकल सेंटर रेफर




बालाघाट जिले के किरनापुर थाना अंतर्गत रजेगांव चौकी के मंगोली में एक तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो युवतियां घायल हो गईं। घायलों में से एक की हालत गंभीर होने पर उसे हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है। यह घटना शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि की है। जानकारी के अनुसार, कटंगी थाना अंतर्गत दिग्धा निवासी युवक बालाघाट में रिलायंस मोबाइल कंपनी में कार्यरत था। वह शनिवार देर रात अपने दोस्तों के साथ दो युवतियों, साक्षी और राज, को गोंदिया छोड़ने जा रहा था। कार में चालक सहित कुल छह लोग सवार थे। कार तेज रफ्तार से गोंदिया की ओर जा रही थी, तभी मंगोली में वह एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि 30 वर्षीय राहुल पिता आसाराम भूरे की मौके पर ही मौत हो गई। उनका शव कार की खिड़की पर लटका हुआ था। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने लोहे की रॉड की मदद से कार की खिड़की खोलकर शव को बाहर निकाला। एम्बुलेंस की सहायता से घायलों और मृतक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। हादसे में हट्टा निवासी 22 वर्षीय साक्षी पिता दिनदयाल मेश्राम गंभीर रूप से घायल हो गईं, उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया है। वहीं, 27 वर्षीय तनु पिता स्वरूप कुमार उईके का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। मृतक राहुल के संबंध में सूचना मिलने के बाद अस्पताल चौकी पुलिस ने शव बरामद किया। पंचनामा कार्यवाही के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जिसके बाद ही हादसे की मुख्य वजह स्पष्ट हो पाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *