औरैया के सदर कोतवाली क्षेत्र के कस्बा सुरान में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतका के भाई ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना रविवार सुबह सामने आई, जब मृतका की बड़ी बेटी अनन्या ने अपनी मां को फंदे पर लटका देखा। उसने तुरंत अपने पिता को इसकी सूचना दी। खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। कोतवाली में तहरीर दी कानपुर देहात के मंगलपुर निवासी कल्लू पुत्र ओमप्रकाश ने कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनकी बहन सुनीता की शादी 24 नवंबर 2017 को कस्बा सुरान निवासी जगदीश प्रसाद कुशवाहा से हुई थी। कल्लू का आरोप है कि शनिवार रात किसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ, जिसके बाद सुनीता की हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया। परिजनों के अनुसार, घटना से पहले सुनीता का अपने ससुर से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। मृतका का पति, जो आमतौर पर बाहर नौकरी करता है, घटना के समय घर पर ही मौजूद था। सुनीता अपने पीछे दो मासूम बेटियां, अनन्या और अंशिका, छोड़ गई हैं। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से पड़ताल कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link