हनुमानगढ़ के भादरा थाना क्षेत्र के अनुपशहर गांव में अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यह घटना तब हुई जब परिवार के सदस्य मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अनुपशहर निवासी अजरूदीन ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह और उसकी पत्नी मजदूरी के लिए सिरसा गए हुए थे। जब उसकी पत्नी अपनी ननद के साथ घर लौटी, तो उन्होंने देखा कि मकान का मुख्य दरवाजा खुला था और कमरों के ताले टूटे हुए थे। घर के अंदर अलमारी और संदूक खुले पड़े थे, और सामान बिखरा हुआ था। पीड़ित के अनुसार, चोरों ने घर में रखी करीब साढ़े तीन लाख रुपए की नकदी चुरा ली, जो प्लॉट बेचकर मिली थी। इसके अलावा, एक सोने का हार, बालियां, चांदी की पाजेब, बिछुए, खेत और मकान से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंक पासबुक, एक एलसीडी टीवी और एक मोबाइल फोन भी गायब थे। अजरूदीन ने यह भी बताया कि चोरों ने घर के बाथरूम में लगा गीजर तक उखाड़ दिया था। घटनास्थल पर लोहे की सरिया और अन्य औजार भी मिले हैं, जिनसे ताले तोड़े जाने की आशंका जताई जा रही है। आसपास के प्लॉट में चोरों के पैरों के निशान भी देखे गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही अजरूदीन तुरंत सिरसा से लौटकर भादरा थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही है।
Source link