देवकृष्ण पुरोहित हत्याकांड पर सरदारपुर में आक्रोश:ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया; फांसी और बुलडोजर कार्रवाई की मांग




धार जिले के सरदारपुर तहसील के ग्राम गोंदीखेड़ा चारण में हुए देवकृष्ण पुरोहित हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में आक्रोश बढ़ गया है। सर्व हिन्दू समाज के आह्वान पर रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और समाजजन राजोद थाना पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रपति के नाम थाना प्रभारी राम सिंह राठौड़ को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने मृतक देवकृष्ण पुरोहित के फोटो के साथ-साथ आरोपी प्रियंका, उसके प्रेमी कमलेश और मुख्य आरोपी सुरेंद्र के फोटो वाली तख्तियां लेकर रैली निकाली। इस दौरान पूरे क्षेत्र में ‘आरोपियों को फांसी दो’ के नारे गूंजते रहे। समाजजनों ने ज्ञापन में बताया कि यह हत्या एक सोची-समझी साजिश का परिणाम है, जिसने समाज में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। उन्होंने मांग की कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपियों को फांसी की सजा दी जाए। फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तारी करने की मांग
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि फरार मुख्य आरोपी सुरेंद्र सिंह पिता प्रताप सिंह भाटी निवासी छड़ावद को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। इसके अतिरिक्त, सभी आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई करने, मामले की निष्पक्ष जांच कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराने और दोषियों को शीघ्र सख्त सजा दिलाने की मांग की गई। इसके अलावा, मृतक के परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी देने, वृद्ध विधवा माता को आर्थिक सहायता प्रदान करने और पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई। समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि तीन दिवस के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो सर्व धर्म हिन्दू समाज सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *