मऊ के घोसी कोतवाली थाना क्षेत्र में 9 अप्रैल की रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत के मामले में पुलिस ने फरार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसा मधुबन रोड स्थित टाइटन हॉस्पिटल के पास रात करीब 11 बजे हुआ था, जब एक टीयूवी 300 वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी थी। मृतकों की पहचान मधुबन थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी आजाद यादव, बेचन यादव और प्रमोद यादव के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद चार पहिया वाहन चालक मौके से फरार हो गया था। रानीपुर क्षेत्र से दबोचा गया आरोपी घोसी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक अभय राजभर (पुत्र रामप्यारी राजभर) को गिरफ्तार कर लिया है। वह रानीपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर काझा का रहने वाला है। पुलिस उसे जल्द ही न्यायालय में पेश करेगी। तेज रफ्तार और लापरवाही बनी वजह घोसी सीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही के कारण हुआ। डीजीपी के निर्देशानुसार, तीन या उससे अधिक मौतों वाले हादसों को ‘एसआर केस’ माना जाता है और उसी आधार पर कार्रवाई की जा रही है। ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर किए जाएंगे सुधार सीओ ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट पर रिफ्लेक्टर लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
Source link