रीवा में बैटरी चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार:मध्यप्रदेश से चोरी कर यूपी में बेचते थे माल, एक आरोपी फरार




जिले में सक्रिय अंतरराज्यीय बैटरी चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। सोहागी थाना पुलिस ने घेराबंदी कर गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में करण हरिजन और दीपक हरिजन शामिल हैं, जबकि अभिषेक साहू चोरी के माल का खरीददार बताया जा रहा है। मामले में कार्रवाई फरियादी अलख नारायण केसरवानी की शिकायत के बाद शुरू हुई। जिले में लगातार हो रही बैटरी चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया। मध्यप्रदेश से चोरी कर उत्तरप्रदेश में बेचते थे बैटरियां जांच में सामने आया है कि गिरोह मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बैटरियां चोरी कर उन्हें उत्तर प्रदेश के बाजारों में बेचता था। आरोपी खासतौर पर धर्मकांटा और गोदामों को निशाना बनाते थे, जहां बड़ी संख्या में बैटरियां रखी होती हैं। चोरी के बाद माल को तुरंत दूसरे राज्य में खपाया जाता था, जिससे पुलिस की पकड़ से बचा जा सके। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख रुपए कीमत की बैटरियां बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कई अन्य वारदातों में शामिल होने की बात भी कबूल की है, जिससे आगे और खुलासे होने की संभावना है। लंबे समय से मिल रही थीं शिकायत सोहागी थाना प्रभारी कमलेश साहू ने बताया कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और लगातार शिकायतें मिल रही थीं। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *