सीहोर पुलिस ने हत्या के एक मामले में तीन साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अनिल भिलाला को रविवार को उसके पैतृक गांव धामनखेड़ा से घेराबंदी कर पकड़ा गया। वह 2023 से पुलिस को चकमा दे रहा था। यह घटना 8 मार्च 2023 की है। आरोपी अनिल भिलाला ने अपने साथियों के साथ मिलकर धामनखेड़ा निवासी संतोष की हत्या कर दी थी। वारदात के बाद से ही अनिल फरार चल रहा था। पुलिस ने उस पर हत्या (धारा 302) सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था। लंबे समय तक आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने उस पर 10,000 रुपए का इनाम घोषित किया था। कोतवाली पुलिस ने देवास और धामनखेड़ा में मुखबिरों को सक्रिय किया था। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव आने वाला है। इस सूचना पर थाना प्रभारी रवींद्र यादव के नेतृत्व में एक टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी गांव में दाखिल हुआ, पुलिस ने उसे दबोच लिया। इस गिरफ्तारी अभियान में निरीक्षक रवींद्र यादव, उपनिरीक्षक विवेक आर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Source link