हापुड़ में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान में आयोजित “एक दौड़ बाबा साहब के नाम” पदयात्रा का रविवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया। अतरपुरा चौपला पर हुए कार्यक्रम में पदयात्रियों का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया और उन पर पुष्प वर्षा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सपा जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने कहा कि बाबा साहब का संविधान और उनके विचार ही समाजवादी पार्टी की आधारशिला हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव डॉ. अंबेडकर के सम्मान को हमेशा सर्वोपरि रखते हैं। गुर्जर ने दावा किया कि हापुड़ में उमड़ा जनसैलाब दर्शाता है कि जनता भाजपा की नीतियों से असंतुष्ट है और 2027 विधानसभा चुनाव में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के साथ समाजवादी सरकार बनाने को तैयार है।
मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर प्रत्येक कार्यकर्ता बाबा साहब के सामाजिक न्याय के मिशन को घर-घर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम के संयोजक और छात्रसभा के प्रदेश उपाध्यक्ष पीयूष वाल्मीकि ने पदयात्रा के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान पदयात्रियों के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था भी की गई थी। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने बाबा साहब के संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।
Source link