खींवसर में चिकित्सा सुविधाओं को मजबूती देने के लिए जिला अस्पताल के नवीन भवन का शिलान्यास और भूमि पूजन किया गया। चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर और स्थानीय विधायक रेवंतराम डांगा ने विधि-विधान से इस कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर चिकित्सा मंत्री ने कहा कि लगभग डेढ़ साल की समय सीमा में यह आधुनिक अस्पताल बनकर तैयार हो जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर नहीं दौड़ना पड़ेगा।
चिकत्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। मंत्री ने बताया कि सरकार स्वास्थ्य के साथ-साथ शिक्षा, पानी और सड़क जैसे बुनियादी ढांचों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। नए अस्पताल भवन में आधुनिक चिकित्सा उपकरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे खींवसर और आसपास के ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर बढ़ेगा। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास को लेकर कुछ नई घोषणाएं भी की गईं जिनसे आने वाले समय में स्थानीय निवासियों को काफी लाभ मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान सेंकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। गौरतलब है कि खींवसर चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर का पैतृक शहर है। यहां उपखण्ड मुख्यालय पर चिकित्सा मंत्री ने ही जिला चिकित्सालय की घोषणा करवाई थी और अब नए भवन के लिए बजट पारित होने के बाद आज भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ है। तक़रीबन डेढ़ साल के समय में यहां आधुनिक सुविधाओं के साथ नया भवन बनकर तैयार हो जाएगा।
Source link