बलरामपुर में चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 शातिर गिरफ्तार:देवीपाटन मेले में रची थी साजिश, सर्राफा दुकान में की थी चोरी




बलरामपुर पुलिस ने सर्राफा कारोबारियों को निशाना बनाने वाले एक अंतरजनपदीय आभूषण चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। कोतवाली देहात पुलिस ने सक्रियता से कार्रवाई करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को चोरी के माल, नकदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। यह मामला 4 अप्रैल 2026 का है। हरिहरगंज स्थित एक सर्राफा दुकान पर खरीदारी के बहाने पहुंची दो महिलाओं ने दुकानदार को बातों में उलझाकर सोने-चांदी के कीमती आभूषण चुरा लिए थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देशों के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के आधार पर गिरोह की लोकेशन ट्रेस की। रविवार को बस्ती जनपद के कलवारी थाना क्षेत्र में कुसौरा पावर हाउस के पास से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी इंद्रभान यादव ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने अपनी पत्नी सुमित्रा और रिश्तेदार सोनू उर्फ कमलावती के साथ मिलकर देवीपाटन मेले में ही चोरी की योजना बनाई थी। गिरोह का तरीका बेहद शातिर था: महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में घुसतीं, गहने निकलवाकर दुकानदार को बातचीत में उलझा देतीं और मौका मिलते ही जेवर समेट लेती थीं। बाहर इंद्रभान मोटरसाइकिल पर तैयार रहता था, जिससे वे तुरंत फरार हो जाते थे। हरिहरगंज में चोरी के बाद इस गिरोह ने गोंडा के महाराजगंज बाजार में भी वारदात को अंजाम दिया था। जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह गोंडा जिले में एक सुनार की दुकान से लॉकेट चोरी कर चुका है। पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान में अंगूठी, झुमकी, बाली, झाला और ‘ओम’ लिखा लॉकेट शामिल है। पूरे ऑपरेशन को पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *