हनुमानगढ़ में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से हेरोइन (चिट्टा) और अफीम बरामद की है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में हनुमानगढ़ जंक्शन, फेफाना और गोलूवाला थाना पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की। पहली कार्रवाई हनुमानगढ़ जंक्शन थाना क्षेत्र में हुई। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने सुरेशिया निवासी रोहित उर्फ काकू (30) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 9.37 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दूसरी कार्रवाई फेफाना थाना पुलिस ने की। पुलिस ने रतनपुरा निवासी रोहिताश (33) को गिरफ्तार कर उसके पास से 6.06 ग्राम अवैध चिट्टा बरामद किया। इस मामले में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। तीसरी कार्रवाई गोलूवाला थाना पुलिस द्वारा की गई। एनएच-62 पर गुरुसर मोडिया बस स्टैंड के पास से घमूड़वाली निवासी विनोद कुमार (32) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 40 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ कर रही है। तीनों मामलों में संबंधित थानों की पुलिस टीमों ने गश्त और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की।
Source link