यूपी बना सब-जूनियर नेशनल हॉकी चैंपियन:फाइनल में मध्य प्रदेश को 5-2 से रौंदा, खिताबी मुकाबले में एकतरफा प्रदर्शन करते हुए दी शिकस्त




राजगीर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आज 16वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 का शानदार समापन हो गया। खिताबी (फाइनल) महामुकाबले में उत्तर प्रदेश (यूपी) की टीम ने अपना आक्रामक मुजाहिरा पेश करते हुए मध्य प्रदेश (एमपी) को 5-2 से शिकस्त दी और चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। इस खिताबी जीत के साथ ही यूपी ने पूरे टूर्नामेंट में अपनी बादशाहत साबित कर दी। शुरुआत से ही यूपी ने दिखाया आक्रामक खेल शाम चार बजे शुरू हुए इस खिताबी मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम शुरू से ही हावी रही। मैच के चौथे मिनट में ही यूपी के कप्तान केतन कुशवाहा ने बेहतरीन फील्ड गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि, मध्य प्रदेश ने तुरंत वापसी की कोशिश की और आठवें मिनट में गाजी खान ने शानदार फील्ड गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। यूपी के खिलाड़ियों ने अपने अटैक को और तेज कर दिया। 13वें मिनट में नीतीश यादव ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। इस शानदार प्रदर्शन के लिए नीतीश यादव को फाइनल मुकाबले का मैन ऑफ द मैच चुना गया। शाहरुख, प्रह्लाद और राघवेंद्र ने दागे गोल बढ़त मिलने के बाद यूपी के फॉरवर्ड खिलाड़ियों ने एमपी के डिफेंस को पूरी तरह भेद दिया। 28वें मिनट में स्टार खिलाड़ी अली शाहरुख, 35वें मिनट में प्रह्लाद राजभर और 40वें मिनट में राघवेंद्र सिंह चौहान ने एक-एक बेहतरीन फील्ड गोल दागकर यूपी को 5-1 की अजेय स्थिति में पहुंचा दिया। मैच के 43वें मिनट में मध्य प्रदेश के आयुष सिंह लोधी ने एक मैदानी गोल जरूर दागा, लेकिन वे टीम की हार (5-2) नहीं टाल सके। तीसरे स्थान की जंग में पंजाब ने जीता कांस्य पदक फाइनल मुकाबले से पहले रविवार सुबह तीसरे और चौथे स्थान के लिए रोमांचक जंग देखने को मिली। इस बेहद कड़े और संघर्षपूर्ण मुकाबले में हॉकी पंजाब ने दादरा और नगर हवेली-दमन और दीव हॉकी को 1-0 से मात देकर कांस्य पदक (तीसरा स्थान) अपने नाम किया। पंजाब की इस जीत के हीरो राजवीर सिंह रहे, जिन्होंने खेल के आठवें मिनट में मैच का इकलौता और निर्णायक मैदानी (फील्ड) गोल दागा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *