फिरोजपुर की सिटी पुलिस ने एक डॉक्टर के साथ लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोप में फिरोजपुर के ही रहने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि दोनों पक्षों द्वारा फर्म का प्रॉफिट आधा-आधा करने के समझौते के बावजूद, हिसाब-किताब में शिकायतकर्ता के साथ लाखों की ठगी की गई। पुलिस ने शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को फिरोजपुर के मलवाला रोड पर रामलाल नगर के रहने वाले डॉक्टर प्रदीप दियोड़ा पुत्र श्री बनारसी दास दियोड़ा द्वारा एक शिकायत दर्ज करवाई गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राजन वर्मा पुत्र प्रेमनाथ वासी गली बाबा लाल दयाल बाहरवार कसूरी गेट फिरोजपुर ने उनके साथ लाखों रुपयों की ठगी की है। डॉक्टर दियोड़ा ने बताया कि उन्होंने राजन वर्मा को अपनी फर्म “राधिका फार्मा स्यूटिकल्स” की देखरेख की जिम्मेदारी दी थी, जो रामलाल नगर फिरोजपुर शहर में स्थित है। दोनों के बीच प्रॉफिट 50-50% के हिसाब से बांटने का समझौता हुआ था। शिकायतकर्ता के अनुसार, करीब 6 महीने बाद फर्म का हिसाब-किताब करने पर सामने आया कि राजन वर्मा ने उनके साथ 86 लाख 70 हजार 318 रुपए की ठगी की है। इस पर सिटी फिरोजपुर की पुलिस ने राजन वर्मा के खिलाफ ठगी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की जांच पड़ताल करेगी, ताकि धोखाधड़ी के पूरे मामले का पर्दाफाश किया जा सके।
Source link