मोहाली के खरड़-बडाला रोड स्थित एक किराना दुकान पर चोरी की घटना ने स्थानीय दुकानदारों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया। रविवार शाम करीब 5 बजे ‘विशाल ट्रेडर्स’ नामक दुकान के बाहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक्टिवा सवार दो युवक वहां पहुंचे। इनमें से एक युवक दुकान के बाहर रखा आटा उठाकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन दुकानदारों ने तुरंत दोनों को पकड़ लिया। गुस्साए दुकानदारों ने आरोपियों की जमकर पिटाई की। लोगों ने आरोपी को पीटा मामला इतना बढ़ गया कि एक आरोपी का ट्रिमर से सिर मुंडवा दिया गया और दोनों को हाथ बांधकर इलाके में घुमाया गया। इस दौरान सड़क पर ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन गई। दुकानदारों का कहना है कि इलाके में पिछले काफी समय से ऐसी चोरी की घटनाएं हो रही थीं और ये युवक कई बार सीसीटीवी फुटेज में भी नजर आ चुके थे। पकड़े गए आरोपियों में से एक ने पूछताछ में बताया कि वह चोरी का सामान बलौंगी के एक मोमोज विक्रेता को बेचता था। लोगों ने पहले आरोपियों को पैदल जुलूस निकालते हुए थाने ले जाने की योजना बनाई, लेकिन इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपियों को भीड़ से छुड़ाकर अपनी हिरासत में ले लिया। दुकानदारों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
Source link